माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज से कुन्दरकी विधायक श्री रामवीर सिंह की शिष्टाचार भेंट, मुरादाबाद SEZ में आर्टिजन पार्क एवं फायर सेफ्टी के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज से जनपद मुरादाबाद के कुन्दरकी विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री रामवीर सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर श्री आलोक चौधरी एवं श्री उज्ज्वल अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

भेंट के दौरान मुरादाबाद के हस्तशिल्प एवं निर्यात उद्योग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से मुरादाबाद स्थित स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (SEZ) में आर्टिजन पार्क की स्थापना के प्रस्ताव पर माननीय मुख्यमंत्री महोदय का ध्यान आकर्षित किया गया। बताया गया कि आर्टिजन पार्क की स्थापना से स्थानीय कारीगरों को आधुनिक कार्यस्थल, बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण, डिज़ाइन विकास तथा विपणन के नए अवसर प्राप्त होंगे, जिससे हस्तशिल्प उद्योग को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

इसके अतिरिक्त SEZ क्षेत्र में फायर सेफ्टी से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं एवं बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस संबंध में उद्योगों की सुरक्षा, निर्यात गतिविधियों की निर्बाध निरंतरता तथा संभावित आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया।

माननीय मुख्यमंत्री महोदय ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण एवं नियमानुसार उचित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। विधायक श्री रामवीर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से मुरादाबाद के निर्यात एवं हस्तशिल्प उद्योग को नई ऊर्जा मिलेगी तथा कारीगरों और उद्यमियों के हित में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।